...

कोविड के लिए अधिग्रहित की गई एम्बुलेंसो का नही हुआ भुगतान, बिना भुगतान के एम्बुलेंस संचालित करने में जताई असमर्थता

Kotatimes

Updated 6 years ago

KOTATIMES AUGUST 7, 2020। कोविड-19 के दौरान मरीजो को लाने लेजाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अप्रेल माह में अधिग्रहित की गई एम्बुलेंसो का भुगतान नही करने से मालिको में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को एम्बुलेंस चालको ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से  एम्बुलेंस चालको की समस्या से अवगत करवाया तथा एमबीएस परिसर में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते बकाया भुगतान व चुनाव के दौरान मिलने वाले भुगतान के समान एंबुलेंस चालकों का भुगतान करने की मांग की।
महाराव भीमसिंह चिकित्सालय एंबुलेंस यूनियन के अध्यक्ष श्यामलाल नामा ने बताया कि प्रशासन द्वारा जितना भुगतान किया जा रहा है उसमें गाड़ी मालिक एवं ड्राइवर दोनों को आर्थिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा अप्रैल माह में 22 गाड़ियों को अधिग्रहित करते समय ड्राइवरों को 200 रुपए एंबुलेंस मालिकों को 244 रुपये का भुगतान करने की बात कही थी। इतने कम वेतन में गाड़ियां लगाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अधिकतर गाड़ियों का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। भुगतान की मांग को लेकर पूर्व में भी जिला कलेक्टर, एडीएम सिटी, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल को अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन हर बार आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। शहर में चल रही एंबुलेंस 10 किलोमीटर प्रति लीटर से ज्यादा एवरेज नहीं दे पा रही इस कारण गाड़ी मालिकों को दोहरा नुकसान हो रहा है।
गाड़ी की मरम्मत पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण इतनी कम दरों पर गाड़ियों को संचालित करना असंभव है।श्याम नामा ने मांग करते हुए कहा कि एंबुलेंस चालक ड्राइवर दोनों को चुनाव में निश्चित की गई किराए राशि के अनुसार भुगतान किया जाए। जिससे आर्थिक संकट को कुछ कम किया जा सके।
ड्राइवर इस समय पूरी मेहनत और लगन से कोरोना में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। यदि इस बीच उनके साथ कोई दुर्घटना घटित होती है या फिर बीमारी की चपेट में आते हैं तो ड्राइवर एवं एंबुलेंस मालिकों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि प्रदान की जाए ।साथ ही बीमारी के दौरान जितने दिनों की हो छुट्टी उसका भी भुगतान किया जाए।

बंद कमरे में मिला अज्ञात व्यक्ति का संदिग्ध शव
 
उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ अफॉर्डेबल योजना के बंद कमरे में देर रात्रि एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। मृतक की पहचान नहीं होने से शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार देर शाम को कंसुआ अफोर्डेबल योजना मकान में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना पुलिस मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे जहां एक व्यक्ति रंग गेहुआ, लंबाई करीब 5 फीट 6 इंच, जिसने नीले रंग की लोअर जालीदार टीशर्ट पहन रखी है, चेहरा लंबा दो-तीन दिन से बढ़ी हुई दाढ़ी तथा मृतक के नाक व मुंह से लाल रंग का तरल पदार्थ निकल रहा था। मृतक व्यक्ति के कपड़ों की तलाशी लेने पर किसी प्रकार की पहचान नहीं होने से शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। जिसके चलते शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया।

0 Comments

Leave a Comment

Post Comment